उत्तराखंड में टेंट हाउस के गोदाम लगी भयानक आग, भारी क्षति

8
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के कनखल क्षेत्र में गुरुवार देर रात गीता टेंट हाउस के गोदाम में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। गोदाम से उठती आग की लपटों और घने धुएं को देखकर आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया।

स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग का विकराल रूप देखकर वह असफल रहे। सूचना मिलने पर मायापुर फायर स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची और करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। मौके पर तीन फायर गाड़ियां तैनात की गई थीं, जिनमें दो अतिरिक्त यूनिट भी भेजी गईं।

दमकल कर्मियों ने आग को फैलने से रोककर आसपास की दुकानों और मकानों को नुकसान से बचाया। हालांकि, गोदाम का अधिकांश सामान—टेंट, कपड़े, सजावटी सामग्री और अन्य उपकरण—जलकर राख हो गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस हादसे में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है, लेकिन किसी के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है।

वंश बहादुर यादव ने बताया कि प्राथमिक जांच में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की संभावना जताई जा रही है। नुकसान का आंकलन और आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।