उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर के रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक बुजुर्ग व्यक्ति की मौत हो गई। यह हादसा रुद्रपुर‑काशीपुर हाईवे पर जफरपुर के पास हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल बुजुर्ग को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है।
रुद्रपुर कोतवाली में तैनात उपनिरीक्षक प्रियांशु जोशी ने बताया कि देर रात पुलिस को सड़क दुर्घटना की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़े बुजुर्ग को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भेजा गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के मुताबिक मृतक की उम्र लगभग 60 वर्ष से अधिक बताई जा रही है। स्थानीय लोगों से पूछताछ में पता चला है कि बुजुर्ग करीब दो साल पहले इस इलाके में आए थे और आसपास के लोग उन्हें “सरदार” के नाम से जानते थे। हालांकि उनकी वास्तविक पहचान अभी तक सामने नहीं आ सकी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बुजुर्ग को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिसके बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि हादसे के लिए जिम्मेदार वाहन और चालक की पहचान की जा सके। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतक की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जैसे ही मृतक की पहचान हो जाएगी, उनके परिजनों को सूचना दे दी जाएगी।



Subscribe Our Channel










