उत्तराखंड में अगले तीन दिन भारी बारिश का अलर्ट, प्रशासन सतर्क

109
खबर शेयर करें -

 उत्तराखंड में अगले तीन दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 5 से 7 अक्टूबर तक प्रदेश के कई हिस्सों में भारी वर्षा, ओलावृष्टि, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अलर्ट के बाद राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (SDMA) ने सभी जिलों के जिलाधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में सक्रिय चक्रवाती तंत्र के प्रभाव से उत्तराखंड में मौसम बिगड़ सकता है। विशेषकर पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन, संवेदनशील सड़कों पर मलबा आने और यात्रा में बाधा जैसी स्थिति बन सकती है।

राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा जिलाधिकारियों को भेजे गए पत्र में स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि विद्यालयों में छात्रों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाए। आपदा संभावित और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में पर्यटकों के आवागमन पर अस्थायी रोक लगाई जाए। खाद्यान्न और दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। संवेदनशील मार्गों पर आवागमन से पहले उपकरणों व मशीनरी की व्यवस्था पूरी की जाए।

प्रशासन ने आम जनता से भी अपील की है कि मौसम की चेतावनी को गंभीरता से लें, अनावश्यक यात्रा से बचें और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। अगले 72 घंटे राज्य के लिए अहम माने जा रहे हैं और प्रशासन हर स्तर पर तैयारियों में जुटा है।