उत्तराखंड के ऊंचाई वाले जिलों में एक बार फिर मौसम ने करवट ली है। केदारनाथ धाम और आसपास के क्षेत्रों में ताजा बर्फबारी के बाद पूरा इलाका सफेद चादर से ढक गया है। मार्च के महीने में इस तरह की बर्फबारी को स्थानीय लोग असामान्य मान रहे हैं। मौसम में यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण आया है, जिससे ठंड भी अचानक बढ़ गई है और कई जगहों पर सुबह घना कोहरा छाया हुआ है।
चमोली जिले में देर शाम से मौसम बिगड़ा हुआ है। निचले इलाकों में लगातार बारिश हो रही है, जबकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात जारी है। बदरीनाथ धाम और हेमकुंड साहिब में लगातार बर्फबारी से पूरा क्षेत्र बर्फ की सफेद चादर में ढक गया है। बदरीनाथ धाम का नजारा ऐसा लग रहा है मानो प्रकृति ने इसे विशेष रूप से सजा दिया हो, जहां पहाड़ियां चांदी की तरह चमक रही हैं।
बर्फबारी और बारिश के कारण पूरे इलाके में ठंडक बढ़ गई है। औली में भी बर्फबारी का आनंद लेने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं। वहीं, चमोली के कई क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और ठंड एक बार फिर लौट आई है।
हालांकि इस मौसम बदलाव से आम जनजीवन प्रभावित हुआ है, लेकिन किसानों के लिए यह राहत भरी खबर है। लंबे समय से बारिश नहीं होने के कारण फसलें प्रभावित हो रही थीं, लेकिन अब बारिश और बर्फबारी से अच्छी पैदावार की उम्मीद जगी है।
मौसम विभाग के अनुसार, देहरादून सहित उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के कुछ हिस्सों में तेज बारिश, बर्फबारी और आंधी-तूफान को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। अन्य जिलों में भी येलो अलर्ट लागू है। अनुमान है कि 25 मार्च तक प्रदेशभर में मौसम का यही मिजाज बना रह सकता है।



Subscribe Our Channel











