उत्तराखंड में बढ़ती अपराध दर और बिगड़ती कानून व्यवस्था के खिलाफ कांग्रेस सोमवार को सड़कों पर उतर गई। देहरादून में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के नेतृत्व में हजारों कार्यकर्ता राजभवन की ओर कूच कर रहे हैं। कूच से पहले परेड ग्राउंड में आयोजित जनसभा में नेताओं ने सरकार पर बढ़ते अपराध, भ्रष्टाचार, महिला उत्पीड़न, बेरोजगारी, बिगड़ती कानून व्यवस्था और जंगली जानवरों के आतंक जैसे मुद्दों पर निशाना साधा।
16 फरवरी, सोमवार को लोक भवन कूच से पहले परेड ग्राउंड में भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का जन सैलाब उमड़ा। सभा में पार्टी के वरिष्ठ नेता मंच से संबोधित करते हुए कार्यकर्ताओं का जोश बढ़ाते नजर आए।
इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और सीडब्ल्यूसी मेंबर करन माहरा, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत और चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह मौजूद रहे।
नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि भाजपा सरकार के कुशासन से मुक्ति पाने के लिए आज देहरादून की सड़कों पर जन सैलाब उतर रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और “जंगल राज” का माहौल व्याप्त है। अपराधों के बढ़ने से जनता भय में जी रही है।
यशपाल आर्य ने बेरोजगारी और पलायन की समस्या को भी उठाया और कहा कि प्रदेश में नौजवानों के लिए रोजगार खत्म हो गए हैं, विद्यालय बंद हो रहे हैं और अस्पतालों की स्वास्थ्य सुविधाएं बदहाल हैं।
जनसभा के दौरान प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता परेड ग्राउंड पहुंचे। सभा में नेताओं ने लगातार जनता के गुस्से और नाराजगी को आवाज़ दी, जिससे आगामी प्रदर्शन और आंदोलन की तैयारी का संकेत मिला।



Subscribe Our Channel











