उत्तराखंड में मौसम का बड़ा खेल: कहीं बर्फ, कहीं बारिश, कहीं तूफान

9
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में सुबह से बर्फबारी होने के कारण ठंड ने फिर से जोर पकड़ लिया है। मौसम विभाग ने पहले ही गुरुवार को राज्य में मौसम में बड़े बदलाव की संभावना जताई थी।

पूर्वानुमान के मुताबिक, प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक के साथ बौछारें और 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है।

हरिद्वार, उधम सिंह नगर, देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और चंपावत जिलों के लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में आंधी-तूफान, बिजली चमकने और 50–60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

वहीं उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ जिलों में भी गरज-चमक के साथ 40–50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं।

बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की आशंका है, जबकि पहाड़ी इलाकों में कहीं-कहीं तेज बारिश के दौर भी देखने को मिल सकते हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले एक-दो दिनों में राज्य के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने और पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करते समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।