उत्तराखंड में हेरोइन तस्करी का बड़ा नेटवर्क फटा, महिला तस्कर गिरफ्तार

11
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान “ड्रग्स फ्री देवभूमि” को बड़ी सफलता मिली है। कुमाऊं क्षेत्र में एंटी नार्कोटिक्स यूनिट और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक महिला तस्कर को गिरफ्तार किया गया, जिसके कब्जे से भारी मात्रा में हेरोइन बरामद हुई। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय कीमत लगभग 40 लाख रुपये आंकी जा रही है।

एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह के निर्देशन में चल रहे अभियान के तहत एंटी नार्कोटिक्स टास्क फोर्स ने थाना किच्छा क्षेत्र के लालपुर चौकी इलाके में छापेमारी की। इस दौरान 42 वर्षीय सुरेंद्र कौर उर्फ छिन्दों कौर को गिरफ्तार किया गया।

तलाशी के दौरान उसके पास से 133 ग्राम हेरोइन और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। पूछताछ में महिला तस्कर ने स्वीकार किया कि वह लालपुर निवासी जसवंत सिंह से हेरोइन खरीदकर किच्छा, रुद्रपुर और हल्द्वानी समेत आसपास के क्षेत्रों में ऊंचे दामों पर सप्लाई करती थी।

पुलिस के अनुसार महिला पिछले डेढ़ साल से इस अवैध कारोबार में सक्रिय थी और इससे पहले कच्ची शराब के मामलों में भी जेल जा चुकी है।

एसटीएफ और स्थानीय पुलिस की इस संयुक्त कार्रवाई को नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुट गई है और उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश होगा।