वायरल वीडियो से फंसी बीजेपी, गिरधारी लाल साहू ने विवादित टिप्पणी पर माफी मांगी

53
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड में बीजेपी को नई चुनौती का सामना करना पड़ गया है। अंकिता भंडारी हत्याकांड की हलचल अभी थमी भी नहीं थी कि कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू का एक वीडियो सामने आया, जिसने फिर से सरकार और पार्टी की आलोचना का विषय बना दिया। वीडियो 23 दिसंबर के एक कार्यक्रम का बताया जा रहा है, जिसमें गिरधारी लाल साहू कुछ युवाओं से बातचीत कर विवादित टिप्पणी करते नजर आए।

वीडियो में गिरधारी लाल साहू अल्मोड़ा जिले के सोमेश्वर में कार्यक्रम के दौरान युवाओं से पूछते हैं कि अब तक उनकी शादी क्यों नहीं हुई और कहते हैं कि इतनी उम्र में तो हमारे तीन-चार बच्चे हो जाते। इसके बाद उन्होंने बिहार का नाम लेते हुए कहा कि वहां 20 से 25 हजार रुपये में शादी के लिए युवतियां मिल जाती हैं। इस बयान के वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर बीजेपी और गिरधारी लाल साहू को ट्रोल किया जाने लगा। पहले से ही अंकिता हत्याकांड को लेकर विपक्षी आलोचना में फंसी बीजेपी के लिए यह नया विवाद असहज स्थिति पैदा कर गया।

बयान सामने आने के बाद गिरधारी लाल साहू ने सफाई दी और माफी भी मांगी। उन्होंने कहा कि उनका संबोधन तोड़-मरोड़कर पेश किया गया है और उनका मकसद केवल मित्र की शादी पर चर्चा करना था। उन्होंने बताया कि हर साल बरेली में होने वाली रामलीला में 101 बेटियों की शादी में वे सहयोग करते हैं। गिरधारी लाल साहू ने कहा, “अगर मेरी बात किसी को गलत लगी और ठेस पहुंची हो तो मैं हाथ जोड़कर माफी मांगता हूँ।”

वहीं कांग्रेस ने बीजेपी और गिरधारी लाल साहू पर हमला बोला है। उत्तराखंड कांग्रेस महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा कि यह बयान न केवल घोर निंदनीय और शर्मनाक है, बल्कि महिलाओं और बच्चियों की गरिमा पर हमला है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की मानसिकता मानव तस्करी, बाल विवाह और महिला शोषण जैसी सामाजिक बुराइयों को बढ़ावा देती है। रौतेला ने कहा कि यह परिवार, जिसमें स्वयं मंत्री महिला सशक्तिकरण और बाल विकास से जुड़ी हैं, की कथनी और करनी में बड़ा अंतर दिखाता है और दोषियों को जवाबदेह ठहराना लोकतंत्र की अनिवार्य मांग है।