हल्द्वानी में भाजपा का मंथन, बुद्ध पार्क में कांग्रेस का प्रदर्शन; पुलिस से भिड़े कार्यकर्ता

4
खबर शेयर करें -

हल्द्वानी। रामपुर रोड स्थित विंटेज गार्डन में बुधवार को भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक शुरू होते ही हल्द्वानी का सियासी माहौल गरमा गया। एक ओर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट समेत भाजपा के वरिष्ठ नेता संगठन की आगामी रणनीति पर मंथन में जुटे, वहीं दूसरी ओर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के दौरे के विरोध में यूथ कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए।

प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में संगठन को मजबूत करने, आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों और प्रदेश में पार्टी की रणनीति को लेकर चर्चा की जा रही है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के दोपहर करीब तीन बजे बैठक स्थल पहुंचने की संभावना है। उनके संबोधन को बैठक का अहम पड़ाव माना जा रहा है। पार्टी कार्यकर्ताओं में उनके आगमन को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया।

नितिन नवीन के हल्द्वानी दौरे के विरोध में यूथ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विशाल भोजक के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बुद्ध पार्क में प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने नितिन नवीन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनके उत्तराखंड दौरे पर सवाल उठाए।

कांग्रेस नेताओं का आरोप था कि उत्तर प्रदेश में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रोड शो के दौरान भगवान हनुमान की वेशभूषा में मौजूद एक व्यक्ति द्वारा भाजपा का झंडा लहराने की घटना सामने आई थी। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इसे धार्मिक भावनाओं से जुड़ा मुद्दा बताते हुए नितिन नवीन के हल्द्वानी दौरे का विरोध किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता संविधान की प्रति लेकर भी पहुंचे।

प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस मौके पर पहुंची और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हटाने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्कामुक्की हो गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने यूथ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विशाल भोजक, जिलाध्यक्ष सुमित कुमार समेत कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।

पुलिस हिरासत में लिए गए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को बस में बैठाकर मौके से ले गई। भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के बीच कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन ने हल्द्वानी में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ा दी।