उत्तराखंड: पहाड़ी से गिरा बोल्डर, ट्रक चालक की मौत

7
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड के तोताघाटी के पास एक दुखद हादसा हुआ है। ऋषिकेश से श्रीनगर की ओर सीमेंट लादकर जा रहे एक ट्रक पर पहाड़ी से अचानक भारी बोल्डर गिर गया, जिससे ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, पहाड़ी से छोटे-बड़े कई पत्थर और एक विशाल बोल्डर ट्रक पर गिरे, जिसमें से मुख्य बोल्डर ट्रक के केबिन को तोड़ते हुए सीधे चालक के ऊपर गिरा। पुलिस और स्थानीय राहत-बचाव दल ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घटनास्थल को नियंत्रित किया।

चार घंटे तक बंद रहने के बाद नेशनल हाईवे को साफ कर यातायात के लिए खोल दिया गया। राहत दल ने भारी मशक्कत के बाद बोल्डर के नीचे दबे चालक का शव निकाला। मृतक की पहचान मुरारी लाल (55), निवासी पुदियानी, कर्णप्रयाग (चमोली) के रूप में हुई है।

शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर सीएचसी देवप्रयाग भेज दिया है और परिजनों को हादसे की जानकारी दे दी गई है। तोताघाटी क्षेत्र भूस्खलन और पत्थर गिरने के लिहाज से जाना-माना खतरनाक ब्लैक स्पॉट है।