हल्द्वानी। उत्तराखंड के हल्द्वानी में सोमवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया, जिसने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। काठगोदाम थाना क्षेत्र के रानीबाग के पास तेज रफ्तार रोडवेज बस की चपेट में आने से 5 वर्षीय मासूम बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई।
घटना सोमवार दोपहर की है, जब आंगनबाड़ी से घर लौट रही कनक नाम की बच्ची सड़क पार कर रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज गति से आ रही बस ने बच्ची को टक्कर मार दी और चालक ने समय रहते वाहन नहीं रोका। बच्ची करीब 20 मीटर तक बस के साथ घसीटती चली गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि कनक के साथ दो अन्य बच्चे भी सड़क पार कर रहे थे। हादसे के दौरान वे किसी तरह बच गए, लेकिन कनक बस की चपेट में आ गई। घटना इतनी भयावह थी कि मौके पर मौजूद लोग सन्न रह गए।
हादसे के बाद भड़का लोगों का गुस्सा
दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए ग्रामीणों ने बस चालक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए बस में तोड़फोड़ की और उसके शीशे तोड़ दिए। इसके बाद लोगों ने नैनीताल-भीमताल रोड पर जाम लगा दिया, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने लोगों को समझाकर शांत किया और कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया। काफी मशक्कत के बाद जाम खुलवाया गया और यातायात बहाल किया गया।
पुलिस ने बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, मृतक बच्ची का परिवार बिहार का रहने वाला है और हल्द्वानी में मजदूरी कर जीवनयापन करता है। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।



Subscribe Our Channel











