उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के चिन्यालीसौड़ में बुधवार सुबह एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जब नगर पालिका अध्यक्ष मनोज कोहली भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच से नाराज होकर आर्च ब्रिज पर चढ़ गए। उन्होंने जिलाधिकारी (डीएम) को मौके पर बुलाने की मांग करते हुए नीचे उतरने से इनकार कर दिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोग और प्रशासनिक अधिकारी उन्हें सुरक्षित नीचे उतरने के लिए समझाते रहे।
दरअसल, नगर पालिका अध्यक्ष के खिलाफ सभासदों ने वित्तीय अनियमितताओं और पद के दुरुपयोग के आरोप लगाए थे। इन आरोपों को लेकर सभासद पिछले चार दिनों से धरना प्रदर्शन कर रहे थे और अधिशासी अधिकारी (ईओ) के स्थानांतरण सहित कई मांगें उठा रहे थे। मामले को गंभीरता से लेते हुए डीएम प्रशांत आर्या ने जांच के आदेश दिए और उपजिलाधिकारी डुंडा के नेतृत्व में तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की।
धरने के दौरान प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा के प्रतिनिधि रामसुंदर नौटियाल भी मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने सभासदों को आश्वासन दिया कि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई की जाएगी, जिसके बाद धरना समाप्त कर दिया गया। इसी क्रम में शहरी विकास निदेशालय ने ईओ वीरेंद्र सिंह पंवार को तत्काल प्रभाव से उनके पद से हटाकर निदेशालय में अटैच कर दिया।
जांच के आदेश के बाद ही स्थिति ने नया मोड़ लिया, जब नगर पालिका अध्यक्ष मनोज कोहली आर्च ब्रिज पर चढ़ गए और डीएम को मौके पर बुलाने की जिद करने लगे। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होगी, वे नीचे नहीं उतरेंगे।
इस घटना के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया। पुलिस और प्रशासनिक टीम तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास शुरू किया। अधिकारियों द्वारा लगातार नगर पालिका अध्यक्ष से बातचीत कर उन्हें सुरक्षित नीचे लाने की कोशिश की जा रही है।



Subscribe Our Channel











