उत्तराखंड के हरिद्वार जिले की ज्वालापुर विधानसभा क्षेत्र से पूर्व भाजपा विधायक सुरेश राठौर के निजी होटल के मैनेजर पर लाखों रुपये की नकदी और सोने की अंगूठी लेकर फरार होने का आरोप लगा है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि पैसे और सामान लौटाने की मांग करने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी।
इस संबंध में सुरेश राठौर के दामाद सोमिल चौधरी ने सिडकुल थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तहरीर के अनुसार, सिडकुल क्षेत्र में स्थित सुरेश राठौर के होटल में देवेश शर्मा को मैनेजर नियुक्त किया गया था। शुरुआत में उसने ईमानदारी और कुशलता से काम कर भरोसा जीता, जिसके चलते उसे होटल के बैंक खाते, चेकबुक और डेबिट कार्ड जैसी अहम जिम्मेदारियां सौंप दी गईं। आरोप है कि बाद में उसने कर्मचारियों का वेतन देना बंद कर दिया और पिछले तीन महीनों से स्टाफ को भुगतान नहीं किया गया।
शिकायत में कहा गया है कि इसी दौरान वह करीब तीन लाख रुपये नकद और एक सोने की अंगूठी लेकर बिना सूचना होटल छोड़कर चला गया। बताया गया है कि हाल के दिनों में वह हरिपुर कलां क्षेत्र में रह रहा था।
परिजनों का आरोप है कि फोन पर संपर्क करने की कोशिश करने पर आरोपी ने अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और जान से मारने की धमकी दी।
सिडकुल थाना प्रभारी नितेश शर्मा ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



Subscribe Our Channel











