उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल में ऋषिकेश–श्रीनगर नेशनल हाईवे पर रविवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब चारधाम यात्रियों से भरी एक बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे का कारण बस के ब्रेक फेल होना बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, बस संख्या UK04 PA 0418 ऋषिकेश की ओर जा रही थी और जैसे ही वह तोताघाटी के पास पहुंची, तभी अचानक उसके ब्रेक फेल हो गए। चालक ने वाहन को नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। राहत की बात यह रही कि बस गहरी खाई में नहीं गिरी, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
हादसे के समय बस में कुल 39 चारधाम यात्री सवार थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके के लिए रवाना हुई और रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।
एसडीआरएफ के अनुसार, सूचना डीसीआर टिहरी के माध्यम से लगभग सुबह 8:30 बजे प्राप्त हुई, जिसके बाद निरीक्षक कविंद्र सजवाण के नेतृत्व में ढालवाला और ब्यासी पोस्ट की टीमें तुरंत घटनास्थल पर पहुंचीं। टीम ने स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया।
दुर्घटना में 3 से 4 यात्रियों को मामूली चोटें आईं, जिन्हें मौके पर प्राथमिक उपचार देने के बाद 108 एंबुलेंस सेवा के जरिए ऋषिकेश अस्पताल भेजा गया। बाकी सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं और उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया है।



Subscribe Our Channel











