सीएम धामी ने स्व. पिता की पुण्यतिथि पर किया वीर सैनिकों का सम्मान

9
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरूवार को खटीमा के खेतलसंडा स्थित सीएसडी कैंटीन में सेवा संकल्प धारिणी फाउंडेशन द्वारा स्व. सूबेदार शेर सिंह धामी की छठी पुण्यतिथि पर आयोजित गौरव सैनिक सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में हिस्सा लिया।

इस अवसर पर उन्होंने 715.51 लाख रुपये की लागत से निर्मित सीएसडी कैंटीन और 162.26 लाख रुपये की लागत से बने सैनिक मिलन केन्द्र का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने अपने पिता और शहीदों के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित किए और शहीदों के परिजनों एवं वीर नारियों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इस मौके पर 60 वीर नारियों और 80 वीर सैनिकों को सम्मानित किया गया।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कार्यक्रम उनके लिए भावुक क्षण है, क्योंकि यह उनके पिता की स्मृति में आयोजित किया गया। उन्होंने अपने पिता की 28 वर्षों की सेवा और 1962, 1965, 1971 के युद्धों और अन्य अभियानों में योगदान का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उनके पिता ने उन्हें देशभक्ति और जनसेवा का मार्ग दिखाया।

मुख्यमंत्री ने रक्षा क्षेत्र में हुई प्रगति और राज्य सरकार की ओर से शहीदों तथा उनके परिजनों के कल्याण के लिए की जा रही पहलों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि परमवीर चक्र सम्मानियों को दी जाने वाली राशि 50 लाख से बढ़ाकर 1.5 करोड़ रुपये कर दी गई है और देहरादून में भव्य सैन्य धाम का निर्माण किया जा रहा है। कार्यक्रम में सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी, कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, राम सिंह कैड़ा, मुख्यमंत्री की माताजी विशना देवी, धर्मपत्नी गीता पुष्कर धामी, जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी उपस्थित थे।