‘ड्रग्स फ्री उत्तराखंड’ का संकल्प, युवाओं के साथ मैदान में उतरे सीएम धामी

10
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को हल्द्वानी में ‘नशामुक्त उत्तराखंड’ अभियान के तहत आयोजित ‘रन फॉर अवेयरनेस’ रैली का शुभारंभ किया। एमबी इंटर कॉलेज मैदान से हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना करते हुए उन्होंने इसे सिर्फ एक दौड़ नहीं, बल्कि स्वस्थ और नशामुक्त समाज के संकल्प की प्रतीक बताया। इस दौरान हजारों की संख्या में युवा, छात्र-छात्राएं और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नशा आज एक “साइलेंट वार” की तरह समाज में फैल रहा है, जिसका सबसे ज्यादा असर युवाओं पर पड़ रहा है। उन्होंने चेताया कि कई बार मजाक में शुरू हुई लत युवाओं को गंभीर स्थिति में पहुंचा देती है, जिससे निकलना बेहद कठिन हो जाता है और इसका असर पूरे परिवार पर पड़ता है।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ से प्रेरणा लेकर राज्य सरकार इस दिशा में सक्रिय रूप से काम कर रही है। वर्ष 2022 में गठित एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने हजारों आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ बड़ी मात्रा में मादक पदार्थों की बरामदगी की है। साथ ही एडिक्शन ट्रीटमेंट फैसिलिटी (एटीएफ) केंद्रों का विस्तार किया जा रहा है और सरकारी मेडिकल कॉलेजों में भी ऐसे केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं।

युवाओं को सही दिशा देने के लिए ‘दगड़िया क्लब’ जैसे प्रयासों का भी जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इन पहलों के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने जोर दिया कि इस लड़ाई को केवल कानून के जरिए नहीं जीता जा सकता, बल्कि इसके लिए समाज की जागरूकता और युवाओं की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।

मुख्यमंत्री ने सभी से नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि दृढ़ संकल्प और सामूहिक प्रयासों से ही ‘ड्रग्स फ्री उत्तराखंड’ का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने सभी उपस्थित लोगों को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई। इस अवसर पर कई गणमान्य व्यक्ति, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।