उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को विकास खंड परिसर, चिन्यालीसौड़ में ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न विभागों के स्टालों का निरीक्षण कर ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश अधिकारियों को दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियान का उद्देश्य दूर-दराज के गांवों तक शासन की सेवाएं पहुंचाना है, ताकि लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए जिला मुख्यालय न आना पड़े। उन्होंने बताया कि राज्यभर में अब तक 600 से अधिक शिविर आयोजित किए जा चुके हैं, जिनमें 5 लाख से अधिक लोग शामिल हुए और 40 हजार से अधिक नागरिकों को योजनाओं का सीधा लाभ मिला।
सीएम धामी ने चिन्यालीसौड़ और गौचर हवाई पट्टी से हैली सेवा शुरू करने की घोषणा की, जिसे सेना के माध्यम से संचालित किया जाएगा। उन्होंने आगामी चारधाम यात्रा की तैयारियों की जानकारी देते हुए कहा कि सरकार समन्वयक की भूमिका निभाएगी, जबकि संचालन स्थानीय हितधारकों द्वारा किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं द्वारा निर्मित उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए प्रयासरत है। अब तक दो लाख से अधिक महिलाओं को आर्थिक एवं सामाजिक रूप से सशक्त बनाया जा चुका है।
स्थानीय मांग पर मुख्यमंत्री ने सीएचसी चिन्यालीसौड़ और महाविद्यालय के उच्चीकरण का आश्वासन दिया। मुख्य सचिव आनंद वर्द्धन ने बताया कि जिन मामलों का मौके पर समाधान नहीं हो पाता, उन्हें ऑनलाइन ट्रैक कर नियमित फॉलोअप के माध्यम से निस्तारित किया जा रहा है। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और जिला स्तरीय अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।



Subscribe Our Channel











