टांडा रेलवे क्रॉसिंग पर गड्ढों से बढ़ा हादसों का खतरा, कमिश्नर ने लिया सख्त संज्ञान

12
खबर शेयर करें -

हल्द्वानी-रुद्रपुर हाईवे पर टांडा रेलवे क्रॉसिंग के पास रेलवे की लापरवाही से बने गहरे गड्ढों को लेकर कुमाऊं मंडलायुक्त दीपक रावत ने गंभीर रुख अपनाया है। संभावित बड़े हादसे की आशंका को देखते हुए उन्होंने ब्रिडकुल के अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचकर सड़क का निरीक्षण किया और स्थिति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान सामने आया कि रेलवे क्रॉसिंग के पास सड़क पर हुए गड्ढों की मरम्मत की जिम्मेदारी रेलवे की है, लेकिन अब तक ठेकेदार का चयन न होने के कारण काम शुरू नहीं हो पाया है। इससे इस व्यस्त मार्ग पर चलने वाले वाहन चालकों को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।

कमिश्नर दीपक रावत ने बताया कि पूर्व में ब्रिडकुल द्वारा इस सड़क पर हॉट मिक्सिंग का कार्य किया गया था, लेकिन अभी तक सड़क पीडब्ल्यूडी को औपचारिक रूप से हैंडओवर नहीं की गई है। इसी वजह से मरम्मत कार्य भी अटका हुआ है।

उन्होंने पीडब्ल्यूडी विभाग को निर्देश दिए हैं कि वह रेलवे से जल्द एनओसी प्राप्त कर मरम्मत कार्य तत्काल शुरू करे, ताकि किसी भी संभावित हादसे को रोका जा सके। वहीं स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है, जिससे इस महत्वपूर्ण मार्ग पर आवागमन सुरक्षित और सुचारु हो सके।