उत्तराखंड में पीसीएस मुख्य परीक्षा की तिथि घोषित कर दी गई है। यह परीक्षा 27 अप्रैल से 30 अप्रैल तक आयोजित की जाएगी। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने इसका कार्यक्रम जारी कर दिया है। परीक्षा के एडमिट कार्ड 11 अप्रैल से आयोग की वेबसाइट पर डाउनलोड किए जा सकेंगे।
आयोग के सचिव अशोक कुमार पांडेय के अनुसार, 27 अप्रैल को सामान्य हिंदी और निबंध का पेपर होगा। 28 अप्रैल को सामान्य अध्ययन-1 और सामान्य अध्ययन-2 का पेपर आयोजित होगा। 29 अप्रैल को सामान्य अध्ययन-3 और सामान्य अध्ययन-4, जबकि 30 अप्रैल को सामान्य अध्ययन-5 और सामान्य अध्ययन-6 का पेपर होगा।
इस बीच, आयोग ने 5 फरवरी तक मुख्य परीक्षा का शुल्क जमा न करने वाले 41 अभ्यर्थियों को पीसीएस भर्ती प्रक्रिया से बाहर कर दिया है। इन सभी के आवेदन रद्द कर दिए गए हैं।
उधर, उत्तराखंड राज्य लोक सेवा आयोग ने न्यायिक सेवा सिविल न्यायाधीश (कनिष्ठ श्रेणी) मुख्य परीक्षा के एडमिट कार्ड भी जारी कर दिए हैं। यह परीक्षा 21 से 24 अप्रैल तक हरिद्वार स्थित आयोग के परीक्षा भवन में आयोजित की जाएगी। अभ्यर्थी अपने एडमिट कार्ड आयोग की वेबसाइट से डाउनलोड कर सकते हैं।



Subscribe Our Channel











