2027 से पहले कांग्रेस का बड़ा दांव, अल्पसंख्यक विभाग में नई टीम का ऐलान

4
#existence of Uttarakhand Congress in Parliament
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर कांग्रेस ने संगठन को मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अल्पसंख्यक विभाग ने प्रदेश कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए नए पदाधिकारियों की घोषणा की है। पार्टी का कहना है कि नई टीम के जरिए आगामी विधानसभा चुनाव में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर दिया जाएगा।

अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश अध्यक्ष सुलेमान अली ने प्रदेश कार्यकारिणी में शामिल किए गए सभी नए पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सभी पदाधिकारी आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए संगठन को मजबूती प्रदान करें और आगामी चुनाव में पार्टी की जीत के लिए पूरी सक्रियता से जुटें।

घोषित कार्यकारिणी में 24 प्रदेश उपाध्यक्ष, 34 महासचिव, 65 सचिव, पांच प्रवक्ता और एक सोशल मीडिया प्रभारी शामिल किए गए हैं। कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के अनुसार जिला, महानगर और एडवाइजरी कमेटी की घोषणा अभी बाकी है। इन कमेटियों के गठन की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं और जल्द ही इनके नाम भी घोषित किए जाने की संभावना है।

कांग्रेस नेतृत्व आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठनात्मक ढांचे को लगातार मजबूत करने में जुटा है। अल्पसंख्यक विभाग की नई कार्यकारिणी की घोषणा को भी इसी चुनावी रणनीति की कड़ी माना जा रहा है।