उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के सामने संगठन को एकजुट रखने की चुनौती बढ़ती नजर आ रही है। पार्टी में अंदरूनी खींचतान और नेताओं की नाराजगी एक बार फिर खुलकर सामने आई है। कौलागढ़ क्षेत्र में संकल्प यात्रा के दौरान स्थानीय नेताओं की कथित अनदेखी से नाराज कांग्रेस की ओबीसी विभाग की राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर पिया थापा ने प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पहुंचकर महानगर अध्यक्ष डॉ. जसविंदर गोगी का पोस्टर फाड़ दिया।
बताया जा रहा है कि कांग्रेस की संकल्प यात्रा कौलागढ़ क्षेत्र से होकर गुजरी थी। यात्रा में पार्टी की चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत भी मौजूद रहे। पिया थापा का आरोप है कि उनके क्षेत्र में कार्यक्रम होने के बावजूद उन्हें यात्रा की कोई जानकारी नहीं दी गई। यहां तक कि कार्यक्रम में शामिल होने के लिए भी उन्हें आमंत्रित नहीं किया गया।
पिया थापा ने कहा कि कौलागढ़ क्षेत्र में स्थानीय कांग्रेस नेताओं की अनदेखी की गई है। कांग्रेस गोरखा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष और क्षेत्र के स्थानीय निवासी अनिल बस्नेत को भी यात्रा की जानकारी नहीं दी गई। इसी बात को लेकर वह नाराज हुईं और कांग्रेस भवन पहुंचकर महानगर अध्यक्ष के पोस्टर को फाड़कर विरोध जताया।
पोस्टर फाड़े जाने की घटना के बाद कांग्रेस संगठन में चल रही आपसी नाराजगी एक बार फिर चर्चा में आ गई है। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की ओर से लगातार कार्यकर्ताओं और नेताओं को एकजुट होकर चुनाव की तैयारी करने की नसीहत दी जा रही है। ऐसे में स्थानीय स्तर पर सामने आ रहे विवाद कांग्रेस के लिए परेशानी बढ़ा सकते हैं।
हालांकि, कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता शीशपाल बिष्ट ने इसे पार्टी के भीतर का छोटा-मोटा मतभेद बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है और प्रदेश नेतृत्व एकजुट होकर काम कर रहा है। केंद्रीय नेतृत्व भी उत्तराखंड को लेकर गंभीर है।
शीशपाल बिष्ट ने कहा कि कांग्रेस एक बड़ा परिवार है और इतने बड़े संगठन में कार्यकर्ताओं के बीच कभी-कभी मनमुटाव हो सकता है। यदि किसी कार्यकर्ता ने दूसरे कार्यकर्ता का पोस्टर फाड़ा है तो पार्टी मामले का संज्ञान लेगी। जहां भी कोई समस्या सामने आएगी, उसे बातचीत के जरिए दूर करने का प्रयास किया जाएगा।



Subscribe Our Channel











