हल्द्वानी। पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हासिल करते हुए करोड़ों रुपये की स्मैक के साथ दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई वर्ष 2026 में अब तक की सबसे बड़ी स्मैक बरामदगी मानी जा रही है।
पुलिस कार्रवाई एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में की गई, जिसमें एसओजी और कोतवाली काठगोदाम पुलिस की संयुक्त टीम शामिल रही। मुख्यमंत्री के “मिशन ड्रग फ्री देवभूमि” और “ऑपरेशन प्रहार” के तहत जिले में नशा तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार, एसओजी प्रभारी मोहन सिंह सौन और प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह चौहान के नेतृत्व में काठगोदाम क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने पश्चिमी खेड़ा स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास निर्माणाधीन भवन के समीप एक कार को रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान कार में सवार दो व्यक्तियों के कब्जे से कुल 618 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजस्थान के भरतपुर निवासी गजब सिंह और सीताराम के रूप में हुई है। तलाशी में गजब सिंह के पास से 311 ग्राम और सीताराम के पास से 307 ग्राम स्मैक बरामद की गई। बरामद नशीले पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 1.85 करोड़ रुपये आंकी गई है।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे राजस्थान से स्मैक लेकर हल्द्वानी पहुंचे थे और इसे काठगोदाम रेलवे स्टेशन क्षेत्र में एक व्यक्ति “रवि” को सौंपने की योजना थी। इसके बाद उन्हें मुक्तेश्वर क्षेत्र में अपने रिश्तेदारों के पास जाना था।
पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है। जांच में सामने आया है कि आरोपी गजब सिंह का आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट सहित कई मामले दर्ज हैं। वहीं दूसरे आरोपी सीताराम के रिकॉर्ड की जांच जारी है।
नैनीताल पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक एनडीपीएस एक्ट के तहत 35 से अधिक तस्करों की गिरफ्तारी की जा चुकी है और नशे के विभिन्न मामलों में बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद किए गए हैं।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने इस सफलता पर पुलिस टीम की सराहना करते हुए उन्हें नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।



Subscribe Our Channel











