रास्ते पर आया कुत्ता और बाइक हो गई दुर्घटनाग्रस्त, युवक की मौत

9
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड के हरिद्वार में एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की जान चली गई। यह हादसा उस समय हुआ जब युवक अचानक हाईवे पर आए एक कुत्ते को बचाने की कोशिश कर रहा था।

मृतक की पहचान 30 वर्षीय शुभम कश्यप के रूप में हुई है, जो हरिद्वार के मिस्सरपुर गांव का रहने वाला था। पुलिस के मुताबिक, यह घटना ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र के हरिलोक तिराहे के पास देर रात हुई। शुभम अपने घर लौट रहा था, तभी अचानक एक कुत्ता सड़क पर आ गया। उसे बचाने के प्रयास में बाइक का संतुलन बिगड़ गया और तेज रफ्तार वाहन हाईवे किनारे लगी लोहे की रेलिंग से टकरा गया।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि शुभम उछलकर रेलिंग से टकराया और गंभीर रूप से घायल हो गया। यह पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कुत्ता सड़क पार करता है और उसे बचाने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर रेलिंग से जा भिड़ती है।

हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल शुभम को सड़क किनारे पहुंचाया। सूचना मिलने पर ज्वालापुर पुलिस मौके पर पहुंची और उसे नजदीकी निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां से डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। अचानक हुई इस घटना से परिवार में शोक की लहर है और पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।