देहरादून। विकासनगर कोतवाली क्षेत्र की डाकपत्थर रोड पर शनिवार रात को दो नशे में धुत युवकों ने हंगामा मचाया। तेज रफ्तार कार से दुकानों और बाइकों को टक्कर मारने के बाद युवकों ने दुकानदारों पर कांच की बोतलें फेंकी और राहगीरों पर हमला कर दिया।
जानकारी के अनुसार, जीवनगढ़ निवासी अंशुल चौहान और पहाड़ी गली निवासी केशव चावला डाकपत्थर की ओर से विकासनगर की तरफ आ रही कार में सवार थे। कार अचानक अनियंत्रित होकर दुकानों की ओर जा घुसी। इसके चलते मिट्टी के दिए, फास्ट फूड सेंटर का काउंटर और कई बाइकों को नुकसान पहुंचा। इस दौरान संजय यादव की पत्नी रीना यादव सहित कुछ राहगीरों को चोटें आईं।
हमले के बाद अंशुल चौहान ने अपनी शर्ट उतार कर करीब 15 लोगों को रोककर पीटना शुरू कर दिया। चीता पुलिस मौके पर पहुंची तो आरोपियों ने पुलिसकर्मियों से भी हाथापाई की। इस दौरान अंशुल चौहान ने चौकी प्रभारी मयंक त्यागी की वर्दी पर लगे स्टार नोच लिए। पुलिसकर्मी बड़ी मुश्किल से दोनों युवकों को काबू कर बाजार चौकी ले गए।
सूचना पर मौके पर सीओ विकासनगर भास्कर लाल शाह, वरिष्ठ उप निरीक्षक शिशुपाल सिंह राणा, चौकी प्रभारी हरबर्टपुर सनोज कुमार और कोतवाली के अन्य पुलिसकर्मी भी पहुंचे। डाकपत्थर रोड निवासी पीड़ित रीना यादव और मंडी चौक निवासी चरणजीत ने दोनों युवकों के खिलाफ शिकायत दी। पुलिस ने अंशुल चौहान और केशव चावला के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर उनकी चिकित्सकीय जांच कराई।



Subscribe Our Channel











