गुलदार के हमले से दहशत: ग्रामीण की मौत, आक्रोशित लोगों ने प्रशासन को घेरा

8
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के कोट ब्लॉक अंतर्गत आने वाले बलमणा गांव में सोमवार देर शाम गुलदार के हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान प्रकाश लाल (45 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि गुलदार ने व्यक्ति पर हमला कर उसे मार डाला और शव को सड़क से नीचे घसीटकर ले गया।

घटना की जानकारी मंगलवार सुबह ग्रामीणों को मिली, जिसके बाद पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई। घटना से नाराज ग्रामीणों ने मौके पर पहुंची वन विभाग और प्रशासन की टीम को एक कमरे में बंद कर दिया और जमकर नारेबाजी की।

ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से गुलदार की गतिविधियां बढ़ रही हैं। इसकी सूचना कई बार वन विभाग को दी गई, लेकिन विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। लोगों का कहना है कि लगातार हो रहे हमलों के कारण गांव में डर का माहौल है और अब लोग घर से बाहर निकलने से भी डर रहे हैं। बच्चों को स्कूल भेजना भी परिवारों के लिए बड़ी चिंता बन गया है।

घटना के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि क्षेत्र में तुरंत शूटर तैनात किया जाए, ताकि गुलदार को पकड़ा या मार गिराया जा सके और लोगों को राहत मिल सके।

मामले की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई है और स्थिति को संभालने की कोशिश की जा रही है। इस संबंध में महातिम यादव, डीएफओ पौड़ी ने बताया कि वह स्वयं मौके पर पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि गुलदार के हमले में एक व्यक्ति की मौत हुई है, जिसके कारण ग्रामीणों में आक्रोश है। प्रशासन और वन विभाग की टीम लोगों की समस्याएं सुन रही है और समाधान निकालने का प्रयास किया जा रहा है।