उत्तराखंड के ऋषिकेश के चंद्रेश्वर नगर क्षेत्र में सोमवार सुबह एक बर्तन की दुकान में गैस सिलेंडर फटने से भीषण आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। धमाका इतना तेज था कि स्थानीय लोग दहशत में घरों से बाहर निकल आए।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक दुकान के अंदर रखा सारा सामान जलकर खाक हो चुका था।
स्थानीय फायर अफसर सुनील दत्त तिवारी ने बताया कि घटना की वजह और हालात की जांच की जा रही है। पुलिस को भी सूचित कर दिया गया है, और किसी लापरवाही के मिले तो कार्रवाई की जाएगी। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई घायल नहीं हुआ।
इससे पहले भी ऋषिकेश में सिलेंडर ब्लास्ट की घटना हो चुकी है। 22 अप्रैल 2022 को शिवाजी नगर स्थित टेंट हाउस स्टोरेज में अचानक आग लगने से छह सिलेंडर ब्लास्ट हो गए थे, तब भी कोई हताहत नहीं हुआ था। फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाने के बाद स्थानीय निवासियों और दुकानदारों की तत्परता की सराहना की।



Subscribe Our Channel











