पहाड़ों में ओलावृष्टि, मैदानों में तूफानी हवा- उत्तराखंड में मौसम ने बदला मिजाज

9
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड में रविवार को मौसम ने अचानक करवट बदल दी। पहाड़ से लेकर मैदान तक आसमान में घने बादल छा गए और कई क्षेत्रों में तेज बारिश के साथ तूफानी हवाओं ने दस्तक दी। मौसम विज्ञान केंद्र ने पर्वतीय जिलों और कुछ मैदानी हिस्सों में तूफान और तेज हवा के लिए चेतावनी जारी की है।

मौसम विज्ञानियों के अनुसार, 15 मार्च को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के कुछ हिस्सों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के चलते ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा देहरादून, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और चंपावत के कुछ मैदानी इलाकों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।

पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं बिजली कड़कने, तेज बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि अगले चार-पांच दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री की गिरावट दर्ज की जा सकती है।

नैनीताल जिले और आसपास के मैदानी इलाकों में रविवार सुबह मौसम ने अचानक बदलते ही लोगों को ठंड का एहसास कराया। सुबह से ही आसमान में काले बादल छा गए और कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश हुई। बारिश के बाद ठंडी हवाओं ने तापमान घटा दिया, जिससे मौसम फिर से ठंडा हो गया।

पिछले दो दिनों से मैदानी इलाकों में बढ़ती गर्मी के कारण लोगों को लगने लगा था कि ठंड पूरी तरह चली गई है। कई लोग सर्दियों के कपड़े अलमारियों में रख चुके थे। रविवार की बारिश और ठंडी हवाओं के चलते लोगों को दोबारा अपने सर्दियों के कपड़े बाहर निकालने पड़े। इस अचानक बदलाव ने यह दिखा दिया कि उत्तराखंड का मौसम अभी भी अप्रत्याशित है और लोगों को मौसम के प्रति सतर्क रहना चाहिए।