उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले के रुद्रपुर-किच्छा रोड स्थित बगवाड़ा मंडी गेट के सामने गुरुवार तड़के हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मॉर्निंग वॉक के दौरान सड़क पार करते समय एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने युवक को जोरदार टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है, जबकि पुलिस फरार वाहन चालक की तलाश में जुट गई है।
मृतक की पहचान दीपक साहनी पुत्र रामलाल साहनी निवासी बगवाड़ा भट्ठा, रुद्रपुर-किच्छा रोड के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दीपक रोजाना की तरह सुबह करीब साढ़े चार बजे टहलने के लिए घर से निकला था। इसी दौरान जब वह बगवाड़ा मंडी गेट के सामने सड़क पार कर रहा था, तभी तेज गति से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग और परिजन मौके पर पहुंचे तथा उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। दीपक अपने परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था और टाइल्स लगाने का काम करता था। करीब चार वर्ष पहले उसकी शादी हुई थी। परिवार में पत्नी और एक छोटा बच्चा है। अचानक हुई इस घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना मिलने पर बगवाड़ा चौकी प्रभारी सुरेंद्र सिंह रिग्वाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।



Subscribe Our Channel











