मोदी दौरे से पहले हाई अलर्ट: सीएम धामी ने खुद संभाली व्यवस्थाओं की कमान

9
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में 14 अप्रैल को एक ऐतिहासिक क्षण दर्ज होने जा रहा है, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राज्य को एक बड़ी सौगात देने पहुंचेंगे। इस अवसर पर वे बहुप्रतीक्षित दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे, जिससे राज्य में कनेक्टिविटी और विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।

प्रधानमंत्री अपने दौरे की शुरुआत मां डाट काली मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ करेंगे। मंदिर परिसर को विशेष रूप से सजाया जा रहा है, जहां वृंदावन और पश्चिम बंगाल से मंगाए गए फूलों से भव्य सजावट की जा रही है। मंदिर प्रशासन के अनुसार, प्रधानमंत्री यहां लगभग 5 से 10 मिनट तक दर्शन करेंगे। इस दौरान उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहेंगे।

करीब 210 किलोमीटर लंबे दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे को एक महत्वपूर्ण इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजना माना जा रहा है। इस एक्सप्रेसवे में पांच टोल प्लाजा बनाए गए हैं और इसके शुरू होने से दिल्ली और देहरादून के बीच यात्रा समय में काफी कमी आएगी। साथ ही पर्यटन, व्यापार और क्षेत्रीय विकास को भी इससे बड़ा बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर राज्य सरकार पूरी तरह सक्रिय है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के मद्देनजर गढ़ी कैंट स्थित जसवंत ग्राउंड से लेकर मां डाट काली मंदिर तक स्थलीय निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, स्वच्छता और अन्य आधारभूत सुविधाओं को लेकर अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी तैयारियां समयबद्ध और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरी की जाएं, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने और सभी एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने यातायात प्रबंधन की सुव्यवस्थित योजना बनाने और आपातकालीन सेवाओं की त्वरित उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

जसवंत ग्राउंड में मंच, दर्शक दीर्घा और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर भी मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से जानकारी ली और कार्यक्रम की गरिमा के अनुरूप तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही उन्होंने साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने मां डाट काली मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और कार्यक्रम की सफलता की कामना की।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, सचिव शैलेश बगौली, गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पाण्डेय, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, जिलाधिकारी देहरादून सविन बंसल, एसएसपी देहरादून प्रमेन्द्र डोभाल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।