हल्द्वानी-रामनगर मार्ग पर गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, लालकुआं के रावत नगर निवासी पुष्कर सिंह कार्की (35), पुत्र दीवान सिंह कार्की, बाइक से रामनगर से हल्द्वानी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कालाढूंगी क्षेत्र के कमोला स्थित गुरुणी नाले के पास उन्होंने आगे चल रही बस को ओवरटेक करने की कोशिश की। ओवरटेक करते समय उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सीधे बस के पीछे जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पुष्कर सिंह ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस और 108 एंबुलेंस को दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया।
सूचना मिलने पर मृतक के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिवार पर अचानक दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
जांच अधिकारी एसआई तनवीर आलम के अनुसार, पुष्कर सिंह कार्की रामनगर के पास मार्चुला क्षेत्र में ट्रक चालक के रूप में कार्यरत थे और सुबह अपने घर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि वह अपने परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे, जिससे पूरे परिवार की जिम्मेदारी उन्हीं पर थी।



Subscribe Our Channel











