उत्तराखंड में भीषण हादसा: कार की टक्कर से बाइक के हुए दो टुकड़े, दो युवकों की मौत

16
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले के खटीमा क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की जान चली गई। यह दुर्घटना चकरपुर-बनबसा मार्ग पर उस समय हुई, जब बाइक सवार युवक ओवरटेक करने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही कार से उनकी सीधी टक्कर हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही चकरपुर पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और 108 एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को खटीमा के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक कार से टकराकर दो हिस्सों में बंट गई।

मृतकों की पहचान 29 वर्षीय नावेद खान और 25 वर्षीय नमन के रूप में हुई है, जो खटीमा के वार्ड नंबर 13 के निवासी थे। दोनों की शादी हाल ही में हुई थी—नावेद के निकाह को करीब डेढ़ से दो साल हुए थे, जबकि नमन की शादी को अभी एक साल ही हुआ था। इस हादसे के बाद दोनों परिवारों में गहरा शोक है।

दुर्घटना का पूरा घटनाक्रम कार में लगे डैशबोर्ड कैमरे में रिकॉर्ड हो गया है। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि ओवरटेक के दौरान बाइक सीधे कार से टकरा जाती है।

पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। चकरपुर चौकी प्रभारी एसआई विकास कुमार के अनुसार, मामले की जांच जारी है और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।