भारत–नेपाल सीमा के पास भीषण सड़क हादसा, 13 बारातियों की मौत, 34 गंभीर घायल

7
खबर शेयर करें -

पिथौरागढ़ (उत्तराखंड): भारत–नेपाल सीमा से सटे झूलाघाट क्षेत्र के पास नेपाल के बैतड़ी जिले में गुरुवार (5 फरवरी) देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। हादसे में 13 बारातियों की मौत हो गई, जबकि 34 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। कई घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, एक बस बारातियों को लेकर नेपाल के बैतड़ी जिले के पुरचुंणी नगरपालिका–7 स्थित भवने गांव से दुल्हन लेकर बजांग जिले के सुनकुडा गांव जा रही थी। देर रात पुरचुंणी के बड़गांव मोड़ पर बस अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।

हादसे की सूचना मिलते ही नेपाल एपीएफ, प्रहरी और स्थानीय ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया। घायलों को आनन-फानन में नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। डडेलधुरा अस्पताल में घायलों का इलाज जारी है, जबकि गंभीर रूप से घायलों को बेहतर उपचार के लिए धनगढ़ी रेफर किया गया है।

जिला प्रहरी कार्यालय बैतड़ी के प्रवक्ता निरीक्षक बलदेव बडू ने बताया कि दुर्घटना में 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं 5 बारातियों की डडेलधुरा अस्पताल और 2 की कोटिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।

मृतकों में बजांग जिले के बित्थड चीर गांव, केदारस्यु गांव और जय पृथ्वी नगरपालिका क्षेत्र के निवासी शामिल हैं, जबकि कुछ मृतक बैतड़ी जिले के पुरचुंणी नगरपालिका के रहने वाले बताए गए हैं।

प्रहरी प्रवक्ता के अनुसार, प्रारंभिक जांच में बस दुर्घटना का मुख्य कारण ओवरलोडिंग सामने आया है। बताया गया कि अधिक सवारियां होने के कारण बस चढ़ाई पर नियंत्रण खो बैठी और खाई में जा गिरी।

हादसे में बस चालक विरेंद्र बुढा (निवासी भीमदत्त नगरपालिका-7, कंचनपुर) को मामूली चोटें आई हैं। उसे इलाज के बाद प्रहरी ने अपने नियंत्रण में ले लिया है। फिलहाल प्रशासन द्वारा हादसे की जांच की जा रही है और राहत एवं बचाव कार्य पूरा कर लिया गया है।