उत्तराखंड में त्योहारी सीजन में नियमित ट्रेनों में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने आठ जोड़ी त्योहार स्पेशल ट्रेनें संचालित की हैं। इनमें चार जोड़ी ट्रेनें हरिद्वार जंक्शन और चार जोड़ी योगनगरी ऋषिकेश से चलाई जा रही हैं। इन ट्रेनों से यात्रियों को मुजफ्फरपुर, कोलकाता, उदयपुर सिटी, अजमेर, वीरावल, साबरमती जंक्शन, बाड़मेर और जबलपुर सहित विभिन्न शहरों तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए नियमित ट्रेनों में भी अतिरिक्त कोच लगाने की योजना बनाई गई है।
रेलवे के अनुसार, हरिद्वार से वीरावल के लिए ट्रेन संख्या 09204 प्रत्येक बुधवार रात 9:30 बजे रवाना होगी। इसका संचालन 21 अक्टूबर से 25 नवंबर तक किया जाएगा। हरिद्वार से साबरमती जंक्शन के लिए ट्रेन संख्या 09426 प्रत्येक मंगलवार रात 9:30 बजे चलेगी, जिसका संचालन 20 अक्टूबर से 24 नवंबर तक निर्धारित है। वहीं, हरिद्वार-बाड़मेर स्पेशल ट्रेन संख्या 04812 प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को संचालित होगी। इसके प्रमुख ठहराव सहारनपुर, अंबाला, भटिंडा, हनुमानगढ़, बीकानेर, नागौर और जोधपुर हैं। हरिद्वार से जबलपुर के लिए ट्रेन संख्या 01704 प्रत्येक शुक्रवार दोपहर 3:10 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन 23 अक्टूबर से 20 नवंबर तक चलेगी और रुड़की, मेरठ सिटी, हापुड़, अलीगढ़, आगरा कैंट, ग्वालियर, झांसी, दमोह और कटनी में रुकेगी।
योगनगरी ऋषिकेश से अजमेर के लिए ट्रेन संख्या 09612 प्रत्येक गुरुवार शाम 7:03 बजे रवाना होगी। इसका संचालन 26 नवंबर तक निर्धारित है। ऋषिकेश से उदयपुर सिटी के लिए ट्रेन संख्या 09610 प्रत्येक बुधवार शाम 7:03 बजे चलेगी और 25 नवंबर तक संचालित होगी। इसके अलावा मुजफ्फरपुर के लिए ट्रेन संख्या 04314 प्रत्येक गुरुवार और रविवार को चलेगी। यह ट्रेन हरिद्वार से शाम 4:15 बजे रवाना होगी और मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, सीतापुर, गोंडा, बस्ती, गोरखपुर, सिवान, छपरा और हाजीपुर सहित विभिन्न स्टेशनों पर रुकेगी। वहीं, योगनगरी ऋषिकेश से कोलकाता के लिए ट्रेन संख्या 04312 प्रत्येक शुक्रवार को हरिद्वार से रात 11:59 बजे रवाना होगी। इसके प्रमुख ठहराव मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, वाराणसी, सासाराम, गया, कोडरमा, धनबाद और आसनसोल हैं।
मुख्य आरक्षण पर्यवेक्षक, हरिद्वार जंक्शन अनिल गुप्ता ने बताया कि त्योहारी सीजन में नियमित ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए आठ जोड़ी स्पेशल ट्रेनें संचालित की जा रही हैं। रेलवे का प्रयास है कि यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा उपलब्ध कराकर भीड़ का दबाव कम किया जाए और त्योहारों के दौरान उनकी यात्रा को सुविधाजनक बनाया जा सके।




Subscribe Our Channel











