कुमाऊं मंडल विकास निगम की गैस एजेंसी, चम्पावत में तैनात प्रबंधक डीएस रावत का अचानक स्वास्थ्य बिगड़ने से असामयिक निधन हो गया। उनके निधन से क्षेत्र में शोक की लहर है। घटना का असर रुद्रपुर तक देखने को मिला जहां गैस सिलिंडर की सप्लाई पूरी तरह ठप हो गई। एजेंसी के गेट पर ताला लटका रहा और उपभोक्ताओं को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
मृतक के साले राजेन्द्र सिंह बोरा के अनुसार, श्री रावत कल शाम तक पूरी तरह सामान्य थे और घर लौटने के बाद पारिवारिक कार्यों में व्यस्त थे। शाम करीब 6:30 बजे उन्होंने फोन कर बताया था कि वे जिला अस्पताल में भर्ती अपने मामाजी, जिनका पित्त की थैली का ऑपरेशन हुआ था, को डिस्चार्ज करवा रहे हैं। सभी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उन्होंने उन्हें सुरक्षित घर भी पहुंचा दिया।
हालांकि, इसके लगभग एक घंटे बाद ही उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। उन्होंने पेट में तेज दर्द की शिकायत की और तुरंत अस्पताल ले जाने को कहा। परिजन उन्हें तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान ही उनका आकस्मिक निधन हो गया।
परिवार की ओर से राजेन्द्र सिंह बोरा ने लोगों से अपील की है कि घटना को लेकर किसी भी तरह की अफवाह या अटकलें न लगाई जाएं। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। परिवार ने इस कठिन समय में सभी से सहयोग और शांति बनाए रखने की अपील की है।



Subscribe Our Channel











