उत्तराखंड के कुमाऊं मंडल में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। कपकोट के मुख्य बाजार में लंबे समय से बंद पड़ी एक निर्माणाधीन इमारत के अंदर मानव कंकाल मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक रविवार सुबह स्थानीय खुफिया इकाई (LIU) के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली कि बाजार क्षेत्र में स्थित अधूरी बिल्डिंग के अंदर एक मानव कंकाल पड़ा है। सूचना मिलते ही थाना पुलिस की टीम एसओ प्रताप सिंह नगरकोटी के नेतृत्व में मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मौजूदगी में घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी।
जांच के दौरान कंकाल की पहचान नेपाली मूल के मजदूर विनोद (करीब 50–55 वर्ष) के रूप में की गई। इस संबंध में जानकारी देते हुए सीओ मनीष शर्मा ने बताया कि विनोद लंबे समय से कपकोट क्षेत्र में मजदूरी का काम कर रहा था।
बताया जा रहा है कि वह पहले एक मंदिर में रहता था, लेकिन बाद में बीमार पड़ने के कारण नदी किनारे स्थित इस निर्माणाधीन भवन में रहने लगा था। पुलिस के अनुसार लंबे समय से बीमारी से जूझने के कारण उसकी मौत होने की आशंका है।
शव पूरी तरह कंकाल में तब्दील हो चुका है, जिससे अंदेशा है कि मौत काफी समय पहले हुई होगी। पुलिस ने कंकाल का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। साथ ही मृतक के परिजनों की तलाश भी की जा रही है, ताकि उन्हें घटना की सूचना दी जा सके।



Subscribe Our Channel











