लक्सर फायरिंग केस का अंत, इलाज के दौरान कुख्यात बदमाश विनय त्यागी की मौत

7
खबर शेयर करें -

ऋषिकेश/देहरादून। लक्सर फायरिंग मामले में गंभीर रूप से घायल कुख्यात बदमाश विनय त्यागी की एम्स ऋषिकेश में उपचार के दौरान मौत हो गई। विनय त्यागी का 24 दिसंबर से इलाज चल रहा था और वह ट्रॉमा आईसीयू में वेंटिलेटर पर भर्ती था। घटना के चौथे दिन शनिवार सुबह करीब 7 बजे एम्स प्रशासन ने उसे मृत घोषित कर दिया। एम्स के जनसंपर्क अधिकारी डॉ. श्रीलाय मोहंती ने विनय त्यागी की मौत की पुष्टि की है।

एम्स प्रशासन के अनुसार, विनय त्यागी को 24 दिसंबर की रात गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया था। उसे सीने, हाथ और गले में गोली लगी थी, जिसके चलते उसकी हालत नाजुक बनी हुई थी। मौत की सूचना मिलने के बाद हरिद्वार पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। विनय त्यागी का पोस्टमॉर्टम एम्स ऋषिकेश में ही किया जाएगा।

गौरतलब है कि 24 दिसंबर को हरिद्वार जिले के लक्सर क्षेत्र में फ्लाईओवर पर विनय त्यागी पर जानलेवा हमला किया गया था। उस समय पुलिस कर्मी उसे रुड़की से लक्सर न्यायालय में पेशी के लिए ले जा रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाशों ने पुलिस वाहन पर फायरिंग कर दी, जिसमें विनय त्यागी गंभीर रूप से घायल हो गया था।

घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए थे, जिनके भागने के कुछ वीडियो भी सामने आए थे। इस वारदात ने जिले की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए थे। हालांकि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पूरे जिले में नाकाबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू की।

25 दिसंबर को पुलिस को बड़ी सफलता मिली, जब खानपुर थाना क्षेत्र के गांव सिकंदरपुर के जंगलों से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी 28 वर्षीय सन्नी यादव उर्फ शेरा और उसका साथी 24 वर्षीय अजय पुत्र कुंवर सैन, दोनों निवासी काशीपुर, उधमसिंह नगर हैं। दोनों पर पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

हरिद्वार एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने वारदात के पीछे की वजह भी स्पष्ट की। आरोपियों के अनुसार, पैसों को लेकर चल रहे विवाद के चलते विनय त्यागी सन्नी यादव को लगातार धमकियां दे रहा था। इसी रंजिश में सन्नी ने काफी समय से विनय त्यागी की गतिविधियों पर नजर रखी और पेशी की जानकारी मिलने पर अपने साथी के साथ मिलकर हमला कर दिया। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।