उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के कालसी क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कुवाणु–मीनस मोटर मार्ग पर हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की एक बस अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस भीषण हादसे में बस चालक समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसा आज दिनांक 03 फरवरी 2026 को हुआ। बस हिमाचल प्रदेश से पांवटा साहिब की ओर जा रही थी और इसमें करीब 30 यात्री सवार बताए जा रहे हैं। दुर्घटना की सूचना सबसे पहले बस के परिचालक ने पुलिस को दी।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि बस नंबर HP-66A-2588 किसी दूसरे वाहन को पास देने के दौरान सड़क से ज्यादा बाहर चली गई, जिससे चालक का संतुलन बिगड़ गया और बस गहरी खाई में गिर गई। हादसा हरिपुर–क्वानू–मीनस मार्ग पर हुआ।
सूचना मिलते ही SDRF, पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। SDRF की टीमें डाकपत्थर, चकराता, मोरी और त्यूणी से रवाना की गईं। रेस्क्यू ऑपरेशन के तहत घायलों को खाई से निकालकर नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
हादसे में जिन चार लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, उनके नाम इस प्रकार हैं:
यास्मीन बेगम (46 वर्ष), पत्नी नेक मोहम्मद, निवासी क्यारला नेरवा, हिमाचल प्रदेश
रिचा (30 वर्ष), पत्नी बिरेंद्र, निवासी विजमल नेरवा, हिमाचल प्रदेश
धन बहादुर, निवासी क्यारला नेरवा, हिमाचल प्रदेश
दिनेश कुमार (54 वर्ष), पुत्र मोहन सिंह, निवासी चोपाल, शिमला — बस चालक
प्रशासन द्वारा हादसे की जांच की जा रही है, वहीं मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। क्षेत्र में शोक की लहर है।



Subscribe Our Channel











