देहरादून जिले के विकासनगर स्थित मंडी चौक पर मंगलवार को दो हार्डवेयर दुकानों में भीषण आग लगने से लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, मंडी चौक के पास नितिन धीमान की दो सटी हुई हार्डवेयर दुकानें हैं। मंगलवार सुबह वह दुकान खोलकर बच्चों को स्कूल छोड़ने गए थे। वापस लौटने पर उन्होंने दुकान के अंदर से धुआं निकलते देखा। जब तक वे कुछ समझ पाते, आग ने विकराल रूप ले लिया और देखते ही देखते दोनों दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया।
घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही विकासनगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। साथ ही डाकपत्थर से दो और सेलाकुई से एक फायर ब्रिगेड की गाड़ी बुलाई गई। स्थानीय लोगों की मदद से दमकल टीम ने करीब एक घंटे की कड़ी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया।
इस अग्निकांड में दुकान में रखा सारा सामान जलकर नष्ट हो गया, जिससे दुकानदार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। हालांकि, समय रहते आग पर नियंत्रण पा लेने के कारण आसपास की अन्य दुकानें सुरक्षित बच गईं। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
पुलिस के अनुसार, 112 पर सूचना मिलने के बाद तुरंत कार्रवाई की गई। फिलहाल आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।



Subscribe Our Channel











