उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले के आईटीआई कोतवाली क्षेत्र में पुलिस ने मानव तस्करी और देह व्यापार से जुड़े एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में दो महिलाएं भी शामिल हैं। सभी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देश पर की गई।
पुलिस के मुताबिक, मई 2025 से लापता एक नाबालिग लड़की को हरियावाला इलाके के एक मकान से सुरक्षित बरामद किया गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने छापेमारी की, जहां से लड़की को मुक्त कराया गया। जांच में सामने आया कि उसे काफी समय से बंधक बनाकर रखा गया था और उससे जबरन अनैतिक कार्य कराए जा रहे थे।
इस मामले में पुलिस ने जाहिद, शिवम, शोभा और सोमा नाम के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ के दौरान कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं, जिनकी जांच अभी जारी है।
पुलिस ने बताया कि पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और उसे संरक्षण में रखा गया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और पॉक्सो अधिनियम की गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



Subscribe Our Channel











