उत्तराखंड के अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित वीआईपी की पहचान को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच पूर्व विधायक सुरेश राठौड़ ने नार्को टेस्ट कराने पर सहमति जता दी है। शुक्रवार को वह देहरादून स्थित सीबीआई कोर्ट पहुंचे और अपनी सहमति से संबंधित पत्र मीडिया को दिखाया। दूसरी ओर, मामले में कथित वीआईपी से जुड़े दावों की जांच के सिलसिले में उर्मिला सनावर भी सीबीआई कोर्ट पहुंचीं।
हत्याकांड में कथित वीआईपी को लेकर हाल में वायरल हुए ऑडियो और उससे जुड़े दावों के बाद मामला फिर सुर्खियों में है। इसी बीच सुरेश राठौड़ ने कहा कि वह जांच एजेंसियों को हर संभव सहयोग देने के लिए तैयार हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्होंने किसी के खिलाफ आरोप नहीं लगाए हैं। हालांकि, वायरल ऑडियो से जुड़े सवालों पर उन्होंने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया।
वहीं, सीबीआई उर्मिला सनावर के नार्को टेस्ट की प्रक्रिया आगे बढ़ा रही है। इस संबंध में कोर्ट की ओर से उन्हें नोटिस जारी किया गया था। शुक्रवार को कोर्ट पहुंचीं उर्मिला सनावर ने आरोप लगाया कि पुलिस उन्हें सहयोग नहीं कर रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात के लिए समय मांगे जाने की बात भी कही।
उर्मिला सनावर के पहुंचने से पहले सुरेश राठौड़ सीबीआई कोर्ट से निकल चुके थे। कथित वीआईपी की पहचान को लेकर उठ रहे सवालों के बीच अब सुरेश राठौड़ की सहमति और उर्मिला सनावर के नार्को टेस्ट से संबंधित कार्रवाई पर नजरें टिकी हैं। जांच एजेंसी की कार्रवाई के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि इन दावों की पड़ताल में क्या तथ्य सामने आते हैं।




Subscribe Our Channel











