रिश्तेदारी में जा रहे थे, रास्ते में मौत ने घेरा: हाईवे हादसे में तीन की जान गई

9
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले में सितारगंज–पीलीभीत हाईवे पर एक भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

गांव गौरीखेड़ा के रहने वाले मो. सुल्तान (24) अपने भतीजे मो. नाजिम (16) और भांजे मो. सैफ (15) के साथ-साथ मो. शादाब (26) और मो. गुलफाम (20) के साथ सब्जी ढोने वाली ठेला गाड़ी से उत्तर प्रदेश के गांव मुंडलिया में एक रिश्तेदार के घर जा रहे थे।

रास्ते में गांव मालपुरी के पास एक पेट्रोल पंप के समीप सामने से आ रहे एक अज्ञात डंपर ने उनकी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पांचों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायलों को तुरंत उप जिला अस्पताल, सितारगंज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मो. सुल्तान, मो. नाजिम और मो. शादाब को मृत घोषित कर दिया। वहीं, मो. सैफ और मो. गुलफाम की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया। सीओ बीएस धौनी के अनुसार, दुर्घटना स्थल का निरीक्षण किया गया है और फरार डंपर की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।