दर्दनाक अंत या बड़ी साजिश? नैनीताल में युवक की लाश मिलने से हड़कंप

10
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड के नैनीताल में पांच दिन से लापता एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। 33 वर्षीय दीपक उपाध्याय का शव भवाली रोड स्थित ‘टूटा पहाड़’ की गहरी खाई से बरामद हुआ, जिसके बाद मामला रहस्य और शक के घेरे में आ गया है।

जानकारी के मुताबिक, दीपक उपाध्याय मूल रूप से अल्मोड़ा जनपद के दूभड़ा सैनारी गांव का रहने वाला था और भुजियाघाट के एक होटल में काम करता था। वह 22 अप्रैल की रात अपने तीन दोस्तों के साथ नैनीताल घूमने आया था। उसी रात करीब 9 बजे वह तल्लीताल रोडवेज स्टेशन के पास संदिग्ध परिस्थितियों में अचानक लापता हो गया।

परिजनों ने अगले दिन, 23 अप्रैल को उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया। लगातार तलाश के बाद सोमवार को उसका शव टूटा पहाड़ क्षेत्र की गहरी खाई में मिला। घटनास्थल से उसका मोबाइल फोन और जूते भी बरामद हुए, जबकि शव की हालत बुरी तरह क्षत-विक्षत थी।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए हैं। वहीं, परिजनों ने इस मामले में बड़ा आरोप लगाते हुए कहा है कि दीपक की मौत कोई हादसा नहीं बल्कि हत्या है। उनका आरोप है कि उसके साथ आए तीनों दोस्तों ने किसी विवाद के बाद उसे खाई में धक्का दिया।

बताया जा रहा है कि घटना वाली रात सभी ने मिलकर पार्टी की थी और शराब का सेवन भी किया गया था, जिससे विवाद की आशंका और गहरा गई है। परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने तीनों साथियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

मनोज नयाल ने बताया कि मामले की जांच हर एंगल से की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो पाएगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।