उत्तराखंड के कालाढूंगी क्षेत्र में एक शादी समारोह के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पड़ोसी मकान का छज्जा अचानक गिर गया। इस हादसे में महिलाओं और एक मासूम बच्ची समेत कुल 6 लोग घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज हल्द्वानी के अस्पताल में जारी है।
घटना कालाढूंगी के वार्ड नंबर तीन की है, जहां एक विवाह कार्यक्रम चल रहा था और बारात के स्वागत की तैयारियां जोरों पर थीं। बारात को देखने के लिए आसपास के लोग और मेहमान घरों की छतों और छज्जों पर खड़े थे। इसी दौरान शाम करीब पौने नौ बजे अचानक एक मकान का छज्जा भरभराकर गिर पड़ा, जिससे उस पर खड़े लोग सीधे नीचे आ गिरे।
हादसे में घायल लोगों की पहचान रेशमा (35), आसमा (30), सकीना (21), सवीना (36), लाईबा नूर (4) और आदिल के रूप में हुई है। घटना के तुरंत बाद मौके पर हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों व परिजनों ने घायलों को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कालाढूंगी पहुंचाया।
प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों की हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी रेफर कर दिया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
मामले की जानकारी देते हुए एसएसआई पंकज जोशी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में छज्जे की जर्जर स्थिति हादसे का कारण प्रतीत हो रही है। हालांकि पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
इस घटना ने शादी समारोहों के दौरान सुरक्षा व्यवस्थाओं और भवनों की मजबूती को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जश्न के माहौल में बरती गई लापरवाही किस तरह बड़े हादसे में बदल सकती है, यह घटना उसका ताजा उदाहरण है। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है और घायलों का इलाज जारी है।



Subscribe Our Channel











