मंच से गाली-गलौज के आरोप में विवादों में सिंगर मासूम शर्मा, पुलिस ने भेजा नोटिस

10
खबर शेयर करें -

देहरादून स्थित दयानंद एंग्लो-वैदिक पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज (डीएवी पीजी कॉलेज) में आयोजित छात्र संघ सप्ताह समारोह के दौरान उस समय विवाद खड़ा हो गया, जब हरियाणवी गायक मासूम शर्मा ने मंच से प्रस्तुति देते हुए कथित तौर पर आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया। उनके साथ गायक अजय हुड्डा भी कार्यक्रम में मौजूद थे।

11 अप्रैल को हुए इस सांस्कृतिक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी शिरकत की थी, हालांकि उनके कार्यक्रम से जाने के बाद स्थिति बिगड़ गई। आरोप है कि इसके बाद मासूम शर्मा ने मंच से अभद्र शब्दों का प्रयोग किया, जिससे वहां मौजूद पुलिस अधिकारी, कॉलेज स्टाफ और छात्र-छात्राएं असहज हो गए। इस दौरान खानपुर विधायक उमेश शर्मा ने भी उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं रुके।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ गया। पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है और गायक को नोटिस भेजा गया है। एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

विवाद बढ़ने के बाद मासूम शर्मा ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर माफी मांगी। उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में एक संदिग्ध व्यक्ति उन्हें परेशान कर रहा था, जिससे वह मानसिक तनाव में थे और उसी तनाव का असर मंच पर दिखा। उन्होंने अपने शब्दों के लिए खेद जताते हुए माफी मांगी।

गायक ने यह भी बताया कि वह कार्यक्रम के लिए अपनी टीम के साथ होटल में ठहरे हुए थे, जहां एक संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधियों के कारण वे परेशान रहे। उन्होंने दावा किया कि इसी तनाव और फोन पर मिली जानकारी के कारण वह मानसिक रूप से प्रभावित हुए।

गौरतलब है कि मासूम शर्मा पहले भी कई विवादों में रह चुके हैं, जिनमें 2024 में मारपीट और छेड़छाड़ के आरोप, 2025 में गानों पर प्रतिबंध से जुड़ा मामला और 2026 में लाइव शो के दौरान हुए विवाद शामिल हैं।