हल्द्वानी में सड़क बनी मौत का जाल: ट्रक की चपेट में आने से बुजुर्ग की मौत

9
खबर शेयर करें -

हल्द्वानी। शहर में बेतरतीब खुदी सड़कों और आबादी वाले क्षेत्रों में भारी वाहनों की आवाजाही के बीच रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पनचक्की रोड अंबिका विहार क्षेत्र में ट्रक की चपेट में आने से 70 वर्षीय बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए दुर्घटना में शामिल ट्रक को कब्जे में ले लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शांति नगर निवासी सुरेश चंद्र पांडे (70) रविवार दोपहर रानीबाग से एक अंत्येष्टि कार्यक्रम में शामिल होकर स्कूटी से घर लौट रहे थे। इसी दौरान पनचक्की रोड स्थित अंबिका विहार के पास सीवर लाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़क के किनारे से गुजरते समय वह पास से निकल रहे एक ट्रक की चपेट में आ गए। हादसा इतना भीषण था कि उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुरेश चंद्र पांडे ने हेलमेट पहना हुआ था, लेकिन दुर्घटना के दौरान हेलमेट दूर जा गिरा और उन्हें बचाया नहीं जा सका।

घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय पार्षद मुकुल बल्यूटिया ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए इसके लिए यूएसडीडीए को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा कि पिछले दो महीनों से क्षेत्र में सीवर लाइन डालने के लिए जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे खोदे गए हैं, जिन्हें अब तक ठीक नहीं किया गया है। कई बार शिकायत और सूचना देने के बावजूद संबंधित विभाग द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर लंबे समय से अधूरा कार्य और गहरे गड्ढों के कारण आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उनका आरोप है कि यही अव्यवस्था इस हादसे का मुख्य कारण बनी।

घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय विधायक सुमित हृदयेश भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने शहर में खुदी पड़ी सड़कों को दुर्घटना के लिए जिम्मेदार बताते हुए संबंधित अधिकारियों से फोन पर बात कर नाराजगी जताई। विधायक ने सोमवार को इस मुद्दे को लेकर धरना-प्रदर्शन करने की घोषणा भी की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।