उत्तराखंड के रुद्रपुर में देर रात एक गंभीर सड़क हादसा हुआ है। नैनीताल-दिल्ली हाईवे पर रोडवेज बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली की जोरदार टक्कर में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित रहे।
जानकारी के अनुसार, उत्तराखंड परिवहन निगम की रोडवेज बस संख्या UK07 PA 3042 हल्द्वानी से रामपुर जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से टक्कर मार गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में ट्रैक्टर चालक इरशाद पुत्र सकूल नवी, निवासी असीमपुर थाना रामपुर गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायल युवक को एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल भेजा गया। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत गंभीर है और उनका इलाज जारी है।
बस में सवार सभी यात्री इस हादसे में सुरक्षित रहे। हालांकि टक्कर के बाद बस में दहशत का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही पंतनगर सिडकुल चौकी प्रभारी सुरेंद्र सिंह बिष्ट पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और दुर्घटना स्थल को नियंत्रित किया। क्षतिग्रस्त बस के कारण यात्रियों को दूसरी बस से हरिद्वार के लिए रवाना किया गया।
प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही माना जा रहा है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और सभी पहलुओं की जांच कर रही है।



Subscribe Our Channel











