उत्तराखंड के रुद्रपुर में होटल में युवती के साथ पहुंचे एक युवक को लेकर हंगामा हो गया। आरोप है कि युवक ने होटल में कमरा लेने के लिए अपनी बहन की आईडी का इस्तेमाल किया था। इसकी जानकारी मिलने पर हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ता होटल पहुंच गए और कमरे में युवक को युवती के साथ देखकर विरोध जताया। इस दौरान युवक के साथ मारपीट भी की गई। बाद में दोनों को आवास विकास चौकी ले जाकर पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार गदरपुर के गदरपुरा निवासी मोहम्मद साकिब का रुद्रपुर निवासी युवती के साथ करीब एक वर्ष से प्रेम प्रसंग चल रहा था। बताया गया कि गुरुवार शाम साकिब युवती को आवास विकास स्थित होटल क्राउन टाउन ले गया था। होटल में कमरा लेने के लिए उसने कथित तौर पर अपनी बहन की आईडी का इस्तेमाल किया।
मामले की भनक लगने पर हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ता होटल पहुंच गए। कमरे में युवक और युवती को देखकर उन्होंने हंगामा किया और युवक के साथ मारपीट कर दी। इसके बाद दोनों को आवास विकास चौकी ले जाया गया, जहां पुलिस ने उनसे पूछताछ की।
पूछताछ में युवक ने युवती के साथ करीब एक वर्ष से प्रेम संबंध होने की बात बताई। वहीं, युवती के स्वजन की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने युवक के खिलाफ दुष्कर्म की प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।



Subscribe Our Channel










