नैनीताल। सरोवर नगरी में सोमवार से पर्यटक अब रोपवे के द्वारा सुंदरता को निहार सकेंगे। कुमाऊँ मंडल विकास निगम ने लंबे समय से बंद पड़े रोपवे की व्यवस्था को सुचारू कर दिया है। खास बात यह है कि रोपवे का किराया बढ़ाया नहीं गया है और स्पीड बढ़ा दी गई है। इससे कम समय में रोपवे अधिक चक्कर लगा सकेगा, इससे जहां पर्यटकों के लिए समय की बचत हो सकेगी वहीं कुमाऊँ मंडल विकास निगम की आय में बढ़ोतरी की भी उम्मीद है।
नैनीताल में सोमवार से शुरू होने जा रहा रोप वे एक मिनट में चार मीटर दूरी तय करेगा। निगम प्रशासन ने टिकट की दरों में कोई बदलाव नहीं किया है। वयस्क पर्यटकों के लिए 300 रुपये और बच्चे का टिकट 200 रुपये रखा गया है। यह दर पूर्व में भी थी। स्थानीय लोगों के लिए पास वाली व्यवस्था लागू है।
निगम के चेयरमैन केदार जोशी ने बताया कि अब ट्रॉली एक घंटे में 14 चक्कर लगा सकेगी। पर्यटन सीजन में बुकिंग ऑनलाइन करने के साथ ही रात को भी संचालन किया जाएगा। नए सिस्टम के बाद रोप वे को ऑटो, मैनुअल व इमरजेंसी मोड में चलाया जा सकता है। अब 25 फीसदी स्पीड बढ़ेगी। करीब सात सौ मीटर दूरी ढाई मिनट में तय होगी।


Subscribe Our Channel











