उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के रुड़की में एक अनोखा और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया। यहां एक युवक ने अपनी मंगेतर को उसके प्रेमी के साथ होटल के कमरे में पाए जाने पर पुलिस के साथ दबोच लिया। घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच कोतवाली के बाहर तीखी नोकझोंक और विवाद हुआ।
जानकारी के अनुसार, रविवार को दिन में रुड़की के गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के एक होटल में युवती अपने प्रेमी के साथ मौजूद थी। ग्रामीणों ने इसे देखा और सूचना युवती के मंगेतर को दी। युवक तुरंत पुलिस को लेकर होटल पहुंचा और कमरे में छापा मारकर प्रेमी युगल को हिरासत में ले लिया।
मौके पर दोनों पक्षों के लोग भी जुट गए, जिससे हंगामा बढ़ गया। पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए विवाद को नियंत्रित किया। इस दौरान सड़क पर भी हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। हंगामे को शांत कराने के लिए सरकड़ी गांव के बीजेपी नेता दानिश गौड़ ने मध्यस्थता की।
परिजनों की सहमति और समझौते के बाद प्रेमी युगल को स्थानीय मस्जिद ले जाकर आपसी रजामंदी से निकाह कराया गया। निकाह के बाद दोनों पक्षों के बीच उत्पन्न तनाव समाप्त हो गया और पुलिस ने भी राहत की सांस ली।
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने कहा कि पूरे मामले की जानकारी ली जा रही है। घटना की चर्चा पूरे रुड़की शहर में है और इसे लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं भी देखने को मिल रही हैं।



Subscribe Our Channel











