उत्तराखंड के नैनीताल और उत्तरकाशी से बड़ी खबर सामने आई है। दोनों जिलों के जिला एवं सत्र न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं और न्यायालय परिसरों को खाली कराकर सघन जांच अभियान शुरू किया गया।
जानकारी के अनुसार ऑल इंडिया जजेस संगठन को एक ई-मेल प्राप्त हुआ, जिसमें नैनीताल जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। ई-मेल मिलते ही प्रशासन को सतर्क कर दिया गया और कोर्ट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।
पुलिस, बम निरोधक दस्ता और अन्य सुरक्षा एजेंसियां तुरंत मौके पर पहुंचीं। पूरे न्यायालय परिसर की गहन तलाशी ली गई।
जिला बार एसोसिएशन, नैनीताल के अध्यक्ष भागवत प्रसाद ने बताया कि ई-मेल के जरिए मिली धमकी के बाद एहतियातन सुरक्षा बढ़ा दी गई है और जांच जारी है।
वहीं, नैनीताल के एसपी डॉ. जगदीश चंद्र ने कहा कि ई-मेल के माध्यम से बम होने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस बल तैनात कर दिया गया और बम निरोधक दस्ते द्वारा चेकिंग अभियान चलाया गया। अब तक की जांच में कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है।
उत्तरकाशी कोर्ट में भी अलर्ट
नैनीताल के साथ-साथ उत्तरकाशी जिला न्यायालय को भी ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली। सूचना मिलते ही जिला जज के निर्देश पर पूरे न्यायालय परिसर को खाली कराया गया।
नगर कोतवाल भावना कैंथोला ने बताया कि मेल में परिसर में आरडीएक्स होने की सूचना दी गई थी। इसके बाद पुलिस और इंटेलिजेंस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जांच शुरू की और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। फिलहाल दोनों जिलों में स्थिति नियंत्रण में है। सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं और मामले की जांच जारी है।



Subscribe Our Channel











